कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांटी प्रखंड के न्यू मार्केट स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स में चल रहे अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन गेमिंग के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 2 लाख 4 हजार 200 रुपये नकद, चार ताश की गड्डियां और आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पर्व-त्योहारों को लेकर सक्रिय है पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 6 नवंबर 2026 की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कांटी थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स में बड़े पैमाने पर सट्टा और ऑनलाइन गेमिंग का अवैध धंधा चल रहा है।
ऐसे की गई छापेमारी
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें कांटी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मिश्रा कॉम्प्लेक्स को चारों तरफ से पूरी मुस्तैदी से घेर लिया। घेराबंदी इतनी अचानक और सख्त थी कि आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
छह आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से सट्टा और जुआ खेल रहे छह लोगों को धर दबोचा। पकड़े गए सभी आरोपी कांटी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान देवनारायण शाह, प्रशांत राज, अमित कुमार, अभिजीत कुमार, दिलीप कुमार सिंह और नीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इनके अन्य ठिकाने कहां-कहां संचालित हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।

