मुजफ्फरपुर। जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक ही दिन में तीन बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा, विदेशी शराब और स्प्रिट जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
वाहन जांच के दौरान गांजा बरामद
एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 अक्टूबर को हथौड़ी थाना क्षेत्र के धमसी मोड़ के पास पुलिस नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध पुलिस बल को देखकर अपनी बाइक और अन्य सामान वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जब पुलिस ने छोड़े गए वाहन और सामान की तलाशी ली, तो उसमें से 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और फरार संदिग्ध की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इस संबंध में हथौड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पितौझिया चिमनी भट्ठे पर छापेमारी
दूसरी बड़ी कार्रवाई पितौझिया स्थित एक चिमनी भट्ठे पर की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस स्थान पर विदेशी शराब की एक बड़ी खेप उतारी जाने वाली है। सूचना के आधार पर तत्काल छापेमारी की गई, जहां से 1391.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
इस मामले में पुलिस ने मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले रामाधार कुमार नामक शख्स को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। शराब की ढुलाई और भंडारण में उपयोग किए जा रहे दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह शराब कहां से आई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।
डकरामा गांव में 20 लीटर स्प्रिट
बरामद, अवैध नेटवर्क की जांच तेज
तीसरी कार्रवाई डकरामा गांव में अंजाम दी गई। यहां पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध देसी शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला स्प्रिट छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और 20 लीटर स्प्रिट बरामद किया।
एसडीपीओ ने बताया कि आसपास के इलाकों में स्प्रिट के अवैध इस्तेमाल से जुड़े कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह स्प्रिट कहां से खरीदा गया था और इसके जरिए अवैध शराब बनाकर किन-किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है।
शराबबंदी और नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने स्पष्ट किया कि पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने और मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन तीनों मामलों में पुलिस द्वारा आगे की विधिसम्मत और कड़ी कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

