मुजफ्फरपुर। जिले में कांटी थाना क्षेत्र का है, जहां चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के मुख्य गेट पर रविवार तड़के अपराधियों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
रविवार तड़के करीब 4 बजे हुई इस घटना का पूरा घटनाक्रम स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो संदिग्ध अपराधी सफेद रंग के कपड़े पहने हुए हैं और दोनों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए सिर पर हेलमेट पहन रखा है। फुटेज के मुताबिक, पहले दोनों ने स्कूल के गेट पर एक धमकी भरा पर्चा चिपकाया और उसके ठीक दो मिनट बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
50 लाख की रंगदारी और जान से मारने की धमकी
अपराधियों द्वारा स्कूल के गेट पर छोड़े गए पर्चे पर ‘चेतावनी संदेश’ लिखा हुआ है। इस पर्चे में स्कूल के मालिक से 50 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की गई है। पत्र में लिखा है कि यह सिर्फ एक धमकी है ताकि मालिक पचास लाख रुपए तैयार रखे। साथ ही धमकी दी गई है कि अगली बार बातचीत के लिए कोई संदेश नहीं भेजा जाएगा और होशियारी दिखाने पर शरीर में सारी गोली उतारकर दिमाग खोल दिया जाएगा। बदमाशों ने यह भी दावा किया है कि स्कूल प्रबंधन की हर गतिविधि पर उनकी कड़ी नजर है और देश से लेकर प्रदेश तक उन्हें कोई नहीं बचा सकता।
जमीन विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
घटना की जानकारी देते हुए स्कूल के प्रिंसिपल देवा प्रसाद शर्मा ने बताया कि चंद्रशील विद्यापीठ को चलते हुए 25 साल हो चुके हैं, लेकिन इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई। स्कूल के मालिक राजीव रंजन मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले हैं। घटना के वक्त गार्ड वॉशरूम में था, जिसने सुबह करीब 6 बजे प्रिंसिपल को फोन पर इसकी सूचना दी। प्रिंसिपल का मानना है कि इस घटना के पीछे स्कूल प्रबंधन का कोई पुराना जमीन विवाद हो सकता है, क्योंकि स्कूल से कुछ दूरी पर एक जमीन को लेकर किसी से विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।



