मुजफ्फरपुर। जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से एक रेप की वारदात सामने आई है, जहां एक छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। पीड़िता ने अपने सगे मामा के साले पर इस घिनौनी करतूत का आरोप लगाया है। पुलिस की शुरुआती सुस्ती के बाद अब यह मामला डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद तूल पकड़ चुका है।

​शोक के माहौल में रची गई साजिश

​पीड़िता के परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब बीते 24 अप्रैल को उसके बहनोई का आकस्मिक निधन हो गया। परिवार के सभी सदस्य अंतिम संस्कार और शोक में शामिल होने गए हुए थे। इसी बीच, आरोपी विद्यासागर ने (जो पीड़िता के मायके यानी नानी के घर पर ही रहता था) छात्रा को फोन करके नानी के घर बुलाया। जब छात्रा वहां पहुंची, तो आरोपी उसे मकान की पहली मंजिल पर ले गया, जहां उसने पहले से ही साजिश के तहत मंचूरियन मंगवाकर रखा हुआ था।

​मंचूरियन में मिलाया नशीला पदार्थ

​आरोपी ने पीड़िता से सहानुभूति जताते हुए कहा कि उसने काफी समय से कुछ खाया नहीं है, इसलिए वह यह मंचूरियन खा ले। भूखी होने के कारण छात्रा ने जैसे ही मंचूरियन खाया, कुछ ही देर में वह बेसुध होने लगी। बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर आरोपी विद्यासागर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस पूरी वारदात का आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड कर लीं।

​मामी ने भी दबाने की कोशिश की बात

​पीड़िता को जब होश आया और उसने अपने साथ हुई दरिंदगी को समझा, तो वह डर के मारे चिल्लाने लगी। चीख-पुकार सुनकर जब उसकी मामी वहां पहुंची, तो उन्होंने पीड़िता को इंसाफ दिलाने के बजाय समाज में बदनामी और प्रतिष्ठा का हवाला देकर इस गंभीर मामले को वहीं दबा देने की सलाह दी। उस वक्त हाथ-पैर में तेज दर्द और गहरे सदमे के साथ पीड़िता चुपचाप अपने घर लौट आई।

​वीडियो वायरल कर दी आत्महत्या की धमकी

​लोकलाज के डर से पीड़िता शुरुआत में खामोश रही, लेकिन आरोपी की हिम्मत बढ़ती गई। कुछ दिनों बाद वह उसी वीडियो के दम पर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब छात्रा ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने सारी हदें पार करते हुए उस आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत की, लेकिन स्थानीय ब्रह्मपुरा पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इस बेरुखी और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अब पीड़ित परिवार ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।

​डीआईजी के आदेश पर पुलिस हुई सक्रिय

​स्थानीय पुलिस से निराश होकर पीड़ित परिवार ने मुजफ्फरपुर के डीआईजी चंदन कुशवाहा से मुलाकात की और अपनी आपबीती सुनाई। डीआईजी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ब्रह्मपुरा पुलिस को सख्त निर्देश दिए। डीआईजी कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस हरकत में आई है। पीड़िता को निष्पक्ष जांच और आरोपी विद्यासागर की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का पूरा भरोसा दिया गया है।