मुजफ्फरपुर। एनएचएआई के निर्माण कार्य को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दरभंगा मोड़ से संगम घाट तक 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस संबंध में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को आदेश जारी किया है। निर्माण कार्य के दौरान जाम की समस्या से बचने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, ट्रॉली और ट्रैफिक कोन लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।
एसडीओ पूर्वी की अनुशंसा पर यह ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। एनएच पर निर्माण कार्य के कारण वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने संबंधित थानाध्यक्षों को नियमित गश्त करने और मौके पर यातायात की स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया है।
शनि मंदिर से बैरिया तक ट्रॉली और बैरिकेडिंग
यातायात व्यवस्था के तहत शनि मंदिर चौक के दोनों ओर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। बैरिया गोलंबर के पास भी ड्रॉप गेट की व्यवस्था होगी। वहीं, शनि मंदिर से बैरिया तक ट्रॉली लगाकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। इस व्यवस्था की निगरानी यातायात पुलिस उपाधीक्षक करेंगे।
दरभंगा मोड़ से संगम घाट तक प्रत्येक एक किलोमीटर पर ट्रैफिक कोन लगाए जाएंगे और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। एनएचएआई की ओर से निर्धारित खुले मीडियन कट पर भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे और निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
जरूरत के अनुसार खुलेंगे और बंद होंगे मीडियन कट
सुधा डेयरी से एसकेएमसीएच मोड़ तक बने आठ मीडियन कट को आवश्यकता के अनुसार खोला और बंद किया जाएगा। इसके लिए डिवाइडर कोन और रस्सी लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इससे वाहनों को निर्धारित रास्ते से गुजरने में मदद मिलेगी और निर्माण कार्य वाले हिस्से में यातायात का दबाव कम करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा शनि मंदिर और दरभंगा मोड़ के पास हाईवे पर रोशनी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी एनएचएआई को दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों को रास्ता समझने में परेशानी नहीं होने देना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
अवैध पार्किंग करने वालों पर कटेगा चालान
प्रशासन ने एनएच के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सड़क किनारे खड़े वाहनों और ट्रकों के कारण यातायात बाधित होने की आशंका रहती है। ऐसे में जिला परिवहन पदाधिकारी को अवैध पार्किंग के विरुद्ध अभियान चलाकर चालान काटने की जिम्मेदारी दी गई है।
ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक कोन की व्यवस्था के साथ सड़क किनारे पार्किंग पर नियंत्रण रखने से वाहनों की आवाजाही बेहतर बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। संबंधित थानाध्यक्ष नियमित रूप से गश्त कर यातायात और विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था के लिए अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल और जिला परिवहन पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, यातायात पुलिस उपाधीक्षक शनि मंदिर से बैरिया तक ट्रॉली के जरिए रूट नियंत्रण की निगरानी करेंगे। एनएचएआई हाईवे लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

