वीरेंद्र कुमार, नालंदा। नर्स बनने का सपना लेकर नालंदा के नर्सिंग संस्थानों में दाखिला लेने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को बड़ा झटका लगा है। दरअसल नेशनल काउंसिल ऑफ नर्सिंग (INC) ने जिले के चार नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द कर दी है, जिससे छात्रों के करियर और नौकरी के अवसरों पर संकट गहरा गया है।
पढ़ाई पूरी होने के बाद भी नहीं हो पाएगा रजिस्ट्रेशन
INC की नई सूची में गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग (थरथरी) के बीएससी नर्सिंग और एएनएम, बीएमआईएमएस पावापुरी के बीएससी नर्सिंग तथा सदर अस्पताल स्कूल ऑफ नर्सिंग, बिहारशरीफ के जीएनएम पाठ्यक्रम को मान्यता से बाहर कर दिया गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों का बीएनआरसी में रजिस्ट्रेशन तो संभव होगा, लेकिन INC रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा। इसका सीधा असर AIIMS, रेलवे, ESIC, आर्मी नर्सिंग जैसी केंद्रीय संस्थाओं की भर्तियों और दूसरे राज्यों व विदेश में नौकरी के अवसरों पर पड़ सकता है।
तो दोबारा बहाल हो सकती है मान्यता
हालांकि यह फैसला अंतिम नहीं माना जा रहा है। यदि संस्थान शिक्षक, लैब, लाइब्रेरी, हॉस्टल और अस्पताल अटैचमेंट जैसी कमियों को दूर कर INC के मानकों को पूरा करते हैं, तो दोबारा निरीक्षण के बाद मान्यता बहाल हो सकती है। फिलहाल नालंदा के सैकड़ों छात्र अपने संस्थानों की अगली कार्रवाई पर टकटकी लगाए बैठे हैं।
ये भी पढ़ें- नौकरी लगते ही पति को छोड़ प्रेमी संग फरार महिला कांस्टेबल आई सामने, पति-ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप


