वीरेंद्र कुमार, नालंदा। आजादी के 80वें पावन पर्व पर संपूर्ण नालंदा जिला देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी इलाकों तक हर तरफ तिरंगे की शान और ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा’ की गूंज सुनाई दी। जिला प्रशासन की तरफ से मुख्य राजकीय समारोह का भव्य आयोजन बिहारशरीफ के ऐतिहासिक सोगरा हाईस्कूल मैदान में किया गया।

​सोगरा हाईस्कूल मैदान में भव्य परेड और सम्मान समारोह

​मुख्य समारोह में जिला पदाधिकारी (DM) उदिता सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। हालांकि, अपरिहार्य कारणों से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी इस समारोह में शामिल नहीं हो सके। ध्वजारोहण के बाद सैनिक स्कूल की मनमोहक बैंड पार्टी की धुनों के बीच एक आकर्षक परेड निकाली गई। इस दौरान पुलिस जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड और गृहरक्षा वाहिनी के वीरों ने शानदार मार्च पास्ट कर सबका मन मोह लिया। इस गरिमामयी अवसर पर देश के लिए जान न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, सरकारी विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मठ अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी सेवाओं को सराहा गया।

​महादलित टोलों में बुजुर्गों के हाथों फहराया गया तिरंगा

​इस बार के स्वतंत्रता दिवस की सबसे खास बात यह रही कि जिले के कुल 621 महादलित टोलों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन जगहों पर स्थानीय बुजुर्गों के हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहरवाया गया, जिसने सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की। प्रमुख 21 स्थानों पर जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। डीएम उदिता सिंह ने सदर प्रखंड के मुरौरा पंचायत अंतर्गत नया टोला-मुसहरी-उपरौरा पहुंचकर झंडोत्तोलन किया। वहीं, एसपी भारत सोनी देवीसराय चौधरी टोला के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा डीडीसी सारा अशरफ, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन और एसडीओ किसलय कुमार समेत कई अन्य अधिकारियों ने विभिन्न टोलों में पहुंचकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।

​कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

​ध्वजारोहण के उपरांत अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान लोक शिकायत निवारण, सूचना का अधिकार (RTI), शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम, जल-जीवन-हरियाली और मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

​जिले भर में हुआ झंडोत्तोलन और शहीदों को नमन

​पुलिस लाइन में एसपी भारत सोनी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए फैंसी फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया। निर्धारित समय सारणी के अनुसार अन्य शिक्षण संस्थानों व कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया। चंडी इंजीनियरिंग कॉलेज और अस्थावां पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 9:30 बजे, कलेक्ट्रेट और पावापुरी मेडिकल कॉलेज में 9:45 बजे तथा नालंदा विश्वविद्यालय में ठीक 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
​इसके अतिरिक्त जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, बिहारशरीफ एसडीओ कार्यालय, जिला परिषद, गृहरक्षा वाहिनी, नगर निगम कार्यालय और बिहारशरीफ थाना समेत तमाम सरकारी संस्थानों में शान से तिरंगा लहराया गया। अंत में, करगिल पार्क में देश के वीर शहीदों को माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस प्रकार नालंदा में यह राष्ट्रीय पर्व देशभक्ति, आपसी सम्मान और सामाजिक सौहार्द के संदेश के साथ संपन्न हुआ।