वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिला अंतर्गत रहुई थाना क्षेत्र के गंजपर गांव में चोरों ने एक बंद घर को एक साल के अंदर दूसरी बार निशाना बनाया है। चोर घर के पीछे वाले गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गोदरेज व बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और काशा-पीतल के बर्तन समेत करीब दो से तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
दिल्ली में रहता है परिवार
गृहस्वामिनी प्रतिमा कुमारी ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली और कुछ बिहारशरीफ में रहते हैं, जिसके कारण घर में अक्सर ताला लगा रहता है। चार-पांच दिन पहले वह घर आई थीं, तब सबकुछ सामान्य था। रविवार सुबह सफाई करने पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला लगा मिला, लेकिन पीछे वाले गेट का ताला टूटा था। अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला।
दो माह पहले परिवार में हुई थी शादी
पीड़िता ने कहा कि करीब दो माह पहले परिवार में शादी हुई थी। शादी के लिए घर में सोने-चांदी के आभूषण, काशा-पीतल के बर्तन और करीब 25 हजार रुपये नगद रखे थे। उनका कहना है कि शादी के बाद इसी घर में पहले भी चोरी हो चुकी है। पिछली घटना में गांव के कुछ लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा था।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही डायल-112 और रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- ‘लालू यादव के बेटे होने का घमंड’, तेजस्वी पर गजब भड़के पप्पू यादव, औकात और हिम्मत तक पहुंची बात



