वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिहार थाना क्षेत्र में आज सोमवार की सुबह एक 25 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव श्रम कल्याण केंद्र मैदान के पीछे बासो चाय दुकान के पास बाउंड्री के निकट बरामद किया गया। मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूर नगर (छोटी पहाड़ी) निवासी मनोज राम के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। राहुल ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बिहार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि राहुल ने करीब दो महीने पहले ई-रिक्शा खरीदा था और उसी से परिवार का गुजारा करता था। रविवार की देर रात करीब 12 से 1 बजे तक वह घर पर ठीक था और खाना खाने के बाद दोस्तों के साथ बाहर निकला था।

सोमवार सुबह बासो चाय दुकान के पीछे उसका शव मिला। परिजनों ने कहा कि उसके चेहरे और कान के पास गंभीर चोट के निशान थे। उन्होंने आशंका जताई कि राहुल की पिटाई कर हत्या की गई और शव वहां फेंक दिया गया। घटनास्थल के पास मैदान में राहुल का ई-रिक्शा भी लावारिस हालत में मिला।

बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे के अत्यधिक ओवरडोज के कारण मौत होने की आशंका सामने आई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने ई-रिक्शा जब्त कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि देर रात राहुल के साथ मौजूद लोगों की जानकारी मिल सके।

फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। राहुल की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

ये भी पढ़ें- ‘माफिया के हाथ बिकी बॉम्बे पुलिस’, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर पप्पू यादव का बड़ा बयान