वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर नालंदा में सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में बिहारशरीफ स्थित देवी सराय चौक के पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई।
रणनीति पर मंथन और जमीनी तैयारी
इस प्रेस वार्ता की अध्यक्षता लोजपा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा और जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट ने संयुक्त रूप से की। बैठक में स्नातक मतदाताओं को साधने और बूथ स्तर तक संगठन को धारदार बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने माना कि स्नातक क्षेत्र का चुनाव जागरूक मतदाताओं का है, इसलिए संवाद सीधा और प्रभावी होना चाहिए।


सह-प्रभारी के रूप में शोभा सिन्हा की एंट्री
लोजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव को गंभीरता से लेते हुए शोभा सिन्हा को नालंदा का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जा रही है। लक्ष्य यह है कि हर स्नातक मतदाता तक पहुंचकर नीरज कुमार सिंह के पक्ष में मतदान का माहौल बनाया जा सके।
चिराग पासवान के निर्देश पर मैदान में पार्टी
महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और प्रदेश अध्यक्ष विवेक के दिशा-निर्देशानुसार उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। लोजपा एनडीए की निष्ठावान सहयोगी है और गठबंधन उम्मीदवार को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए हर कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय टीम के साथ बैठक कर प्रचार अभियान की समीक्षा भी की।
पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष अनुज कुमार, सुंदर कुमार, मुकेश कुमार, रामप्रवेश, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बसंती देवी, सचिव रीना राज, प्रदेश महासचिव मंजू देवी व नीलम देवी, जिला उपाध्यक्ष अनुज कुमार और जिला प्रवक्ता अजीत कुमार काकू समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

