नालंदा। जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां इस्लामपुर के चुलहन बिगहा निवासी अंतेश कुमार ने अपनी पत्नी कांति देवी (30) की निर्मम हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फतुहा में गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​लापता होने की शिकायत से शुरू हुई जांच

​वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतका के पिता योगेंद्र प्रसाद ने बेटी के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। कांति की शादी 2012 में हुई थी, लेकिन ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। दिसंबर 2024 में समझौते के बाद वह ससुराल लौटी थी, लेकिन मार्च में अचानक वह गायब हो गई। परिजनों के पूछने पर ससुराल वालों ने उसके भाग जाने की झूठी कहानी गढ़ी, जिससे पिता को अनहोनी का संदेह हुआ।

​CCTV ने बेनकाब किया झूठ

​हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋतुराज के नेतृत्व में पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया। फतुहा के मस्ताना घाट के पास लगे CCTV फुटेज में आरोपी पति और मृतका को एक साथ देखा गया, जिसने अंतेश के दावों की पोल खोल दी। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​तंग आकर रची हत्या की साजिश

​पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पत्नी के व्यवहार और आपसी विवाद से तंग आ चुका था। उसने अपने बहनोई के साथ मिलकर फतुहा में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। गौरतलब है कि कांति ने पहले भी पति के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। पुलिस अब शव की बरामदगी और फरार सह-आरोपी की तलाश में जुटी है।