वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के गोगड़ी पर गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 23 वर्षीय विवाहिता कुमारी कृषा सिन्हा की हत्या का आरोप उसके पति धर्मवीर उर्फ रायजी पर लगा है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति ने अपनी मां के साथ मिलकर ईंट-पत्थरों से हमला कर कृषा की हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया।

ससुराल पक्ष से कर रहा था 5 लाख की मांग

मृतका के भाई सतीश कुमार और भाभी रूबी देवी का आरोप है कि शादी के बाद से ही धर्मवीर अपनी पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। उनका कहना है कि आरोपी ससुराल पक्ष से लगातार 5 लाख की मांग कर रहा था और मृतका पर दबाव बनाता था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना वाले दिन किसी कागज पर हस्ताक्षर कराने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद यह वारदात हुई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। इसके साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को शव के पीएम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद विवाहिता के मौत का असली वजह पता चल सकेगा। फिर उसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

घटना के संबंध में सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला दहेज और पैसों की मांग से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय बालिका गृह से एक साथ गायब हुईं 5 बच्चियां, पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप