वीरेंद्र कुमार/​नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव में 26 वर्षीय विवाहिता कमला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। तीन मासूम बच्चों की मां की मौत के बाद जहां गांव में मातम पसरा है, वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज और घरेलू विवाद के चलते गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

​क्या है पूरा मामला?

​मृतका कमला देवी के भाई राजू यादव का आरोप है कि मामूली विवाद के बाद पति टूटू यादव, सास, देवर और गोतनी ने मिलकर कमला की गला घोंटकर हत्या कर दी। मायके वालों का दावा है कि आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए मृतका के शव और कपड़ों को तालाब के पानी में भिगोकर घर में रखा और बाद में इसे ‘तालाब में डूबने से हुई मौत’ का नाम देने की कोशिश की। परिजनों के अनुसार, यह कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत है क्योंकि डूबने की स्थिति में शव की स्थिति अलग होती है।

​फोन कॉल और आपसी विवाद

​मृतका की बहन खुशबू कुमारी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि पति टूटू यादव ने फोन पर कबूल किया था कि उसने कमला के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह तालाब की ओर गई। परिजनों का कहना है कि चेन्नई में काम करने वाला पति टूटू यादव, कमला को तीन दिन पहले ही मायके से वापस मघड़ा लाया था। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण यह घटना अंजाम दी गई है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दीपनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिहार शरीफ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ‘मुर्गा बनाने’ को लेकर हुए विवाद और महिला के तालाब में कूदने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष से लिखित आवेदन मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
​फिलहाल, इस पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। क्या यह वाकई आत्महत्या थी या एक सुनियोजित हत्या, यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा, लेकिन तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से हर कोई स्तब्ध है।