वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय में बीज कारोबारी के घर हुई सवा करोड़ रुपये की डकैती मामले में नालंदा पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर घटना का सफल उद्भेदन कर दिया है।
पुलिस ने मुख्य सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से लाखों रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड और प्लेटिनम के जेवर, हथियार तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इमादपुर डकैती में भी शामिल था गिरोह
पुलिस का दावा है कि यही गिरोह बिहार थाना क्षेत्र के इमादपुर में हुई डकैती में भी शामिल था। नालंदा पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने आज गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 3 अगस्त की रात देवीसराय निवासी बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
झारखंड के जामताड़ा से हुई गिरफ्तारी
घटना के तुरंत बाद दीपनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सदर-1 एसडीपीओ अमरनाथ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि, मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार शामिल हैं।
नालंदा के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार सभी आरोपी नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले दस दिनों से वारदात की योजना बना रहा था। स्थानीय होने के कारण आरोपियों ने पहले कारोबारी के घर की रेकी की और उसके बाद डकैती को अंजाम दिया। जांच में सामने आया है कि इस वारदात में कुल 15 अपराधी शामिल थे।
16 लाख समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, 450 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 7 किलो चांदी, डायमंड और प्लेटिनम के जेवर, दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी और बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। साथ ही इमादपुर डकैती मामले में भी गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में कांवड़ियों से भरी ऑटो को ट्रक ने मारी टक्कर, ड्राइवर समेत दो की मौत और 7 घायल


