वीरेंद्र कुमार, नालंदा। दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित कोसुक के सनबीम सेंट्रल स्कूल के हॉस्टल से कक्षा 8 का 15 वर्षीय छात्र अनंत कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। अनंत पटना जिले के अथमलगोला क्षेत्र के बुढ़रा गांव निवासी किसान आलोक राज का बड़ा बेटा है और पिछले चार वर्षों से इसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। दुर्गा पूजा की छुट्टी के बाद उसके पिता उसे हॉस्टल छोड़कर घर लौट रहे थे।
स्कूल प्रबंधन के विरोधाभासी दावों से भड़का आक्रोश
परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल छोड़ने के महज एक घंटे बाद स्कूल के प्रिंसिपल धीरज ने फोन पर कहा कि अनंत ने किसी लड़की को फोटो भेजी थी और उसने जहर खा लिया है। पिता ने जब बेटे से बात की, तो उसने इस बात से साफ इनकार किया। इसके कुछ ही देर बाद प्रबंधन ने खबर दी कि अनंत स्कूल से भाग गया है। इसके बाद अचानक यह सूचना दी गई कि वह पंचाने नदी में डूब गया है। प्रबंधन की इन विरोधाभासी बातों से परिजनों का गुस्सा भड़क उठा।
परिजनों का हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप
छात्र के पिता और चाचा प्रशांत कुमार ने आरोप लगाया कि जब हॉस्टल में सीसीटीवी और गार्ड तैनात हैं, तो बच्चा बाहर कैसे गया? परिजनों ने प्रिंसिपल धीरज, शिक्षक कौशल और मनोहर पर अनंत की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने यह भी दावा किया कि तीन महीने पहले अनंत की बेरहमी से पिटाई की गई थी और घटना के बाद हॉस्टल का एक सीसीटीवी कैमरा भी गायब मिला है।
नदी में सघन खोज अभियान और एनएच जाम
घटना के बाद स्कूल के पीछे पंचाने नदी किनारे से अनंत की टी-शर्ट बरामद हुई। दीपनगर के अपर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने बच्चे को नदी की ओर जाते देखा था। स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिहार शरीफ-राजगीर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति नियंत्रित करने कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

