वीरेंद्र कुमार, ​नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। राणा बिगहा मोड़ के पास 45 वर्षीय एक महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान गिरियक थाना क्षेत्र के कोयरी बीघा निवासी मुद्रिका प्रसाद की पत्नी लाक्षों देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे मायके की संपत्ति को लेकर चल रहा पुराना विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है।

​खेत में भिंडी तोड़ने गई थीं महिला

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाक्षों देवी पिछले कई वर्षों से राणा बिगहा स्थित अपने मायके में रहकर अपनी मां की देखभाल कर रही थीं। सोमवार की सुबह वह रोजाना की तरह घर से खेत में भिंडी तोड़ने के लिए निकली थीं, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटीं। जब परिजनों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। कुछ ही देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनका खून से लथपथ शव खेत में पड़ा हुआ है।

​मायके की संपत्ति को लेकर था विवाद

​घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में कोहराम मच गया। मृतका के पति मुद्रिका प्रसाद ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी पत्नी का पिछले छह महीने से मायके की संपत्ति और जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। पति ने इसी रंजिश के चलते उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

​अखंड कीर्तन की खुशियां मातम में बदलीं

​जिस समय यह दर्दनाक घटना घटी, उसी दौरान राणा बिगहा गांव में एक धार्मिक आयोजन के तहत अखंड कीर्तन चल रहा था। गांव में चारों तरफ उत्सव जैसा माहौल था, लेकिन इस सनसनीखेज हत्या की खबर फैलते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। जश्न का माहौल पलभर में मातम में बदल गया और ग्रामीणों ने आयोजन को काफी सादगी के साथ पूरा किया।

​पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई

​वारदात की सूचना मिलते ही दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेसिंक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसके अलावा, सदर-1 डीएसपी अमरनाथ ने भी घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया।
​थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है, लेकिन हत्या के असली कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।