रांची। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 22 और 23 अगस्त को राज्यभर के मतदान केंद्रों पर दूसरी और अंतिम विशेष शिविर आयोजित की जाएगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे इन शिविरों में Form-6 भरकर बीएलओ के पास जमा करा सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अंतिम विशेष शिविर को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
18 साल की उम्र पूरी करने वालों के लिए मौका
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या होने वाली है और जिनका नाम SIR के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है, वे Form-6 और निर्धारित घोषणापत्र भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट और कार्यकर्ताओं के माध्यम से ऐसे पात्र लोगों की पहचान कर आवेदन जमा कराने में मदद करने की अपील की।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगेगा शिविर
राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। शहरी और नगर निगम क्षेत्रों में भी पात्र नागरिकों को SIR प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई है।वार्ड सदस्य और पूर्व वार्ड सदस्य भी अपने क्षेत्र के मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग कर सकते हैं।
घर बैठे भी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
मतदाता चाहें तो ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET ऐप या भारत निर्वाचन आयोग के Voters’ Service Portal का इस्तेमाल किया जा सकता है।
एक ही परिवार के सदस्यों को एक बूथ पर लाने का मौका
अगर किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या उनका मौजूदा मतदान केंद्र घर से काफी दूर है, तो वे Form-8 के जरिए अपने निवास के नजदीक एक ही मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा ऐसे लोग जो वर्तमान में झारखंड के सामान्य निवासी हैं, लेकिन उनका नाम किसी दूसरे राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी झारखंड में अपने वर्तमान पते से संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में नाम स्थानांतरित कराने के लिए Form-8 और निर्धारित घोषणापत्र जमा कर सकते हैं।
22 और 23 अगस्त का शिविर SIR के तहत अंतिम विशेष शिविर है। पात्र मतदाता समय रहते अपना आवेदन जरूर जमा करें।

