हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े मामलों में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है। ड्रग्स कनेक्शन की जांच के बाद अब पुलिस प्लॉट धोखाधड़ी के मामले की परतें भी खंगाल रही है। इसी सिलसिले में रविवार को नाना पटवारी के कथित कारोबारी साझेदार और कॉलोनाइजर सुमित मंत्री से राजेंद्र नगर थाने में करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान कॉलोनी से जुड़े दस्तावेज और प्लॉट आवंटन से संबंधित रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की गई।
चार घंटे तक सवालों की बौछार
पुलिस अधिकारियों ने सुमित मंत्री से कॉलोनी के दस्तावेज, प्लॉट आवंटन, रजिस्ट्री और अन्य रिकॉर्ड को लेकर कई सवाल पूछे। जांच टीम ने उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान भी किया। बताया जा रहा है कि सुमित मंत्री को इससे पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है।
अब नाना पटवारी पर भी पुलिस की नजर
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस जल्द ही नाना पटवारी को भी दोबारा नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुला सकती है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित प्लॉट आवंटन में किसकी क्या भूमिका रही।
ड्रग्स जांच के बाद अब जमीन सौदों की पड़ताल
हाल के दिनों में नाना पटवारी का नाम ड्रग्स कनेक्शन की जांच में भी सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हुई थी। अब प्लॉट धोखाधड़ी से जुड़े मामले में जांच आगे बढ़ने से यह मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
क्या बढ़ेंगी राजनीतिक मुश्किलें?
लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच विपक्ष और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी दस्तावेजों और बयानों की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


