गुलशन कुमार/नांगल चौधरी. नांगल चौधरी क्षेत्र में शादी-विवाह और अन्य शुभ अवसरों पर किन्नर समाज द्वारा ली जाने वाली बधाई राशि को लेकर अब बड़ा सामाजिक फैसला लिया गया है। क्षेत्र के ग्रामीणों एवं नगर पालिका के वार्ड पार्षदों ने आपसी सहमति से बधाई राशि निर्धारित करने का निर्णय लेते हुए एसडीएम नांगल चौधरी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि कई बार शुभ अवसरों पर बधाई राशि को लेकर विवाद की स्थिति बन जाती है। आमजन का कहना है कि कुछ मामलों में अधिक राशि को लेकर दबाव बनाया जाता था, जिससे लोगों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए ग्रामीणों और पार्षदों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विवाह एवं अन्य शुभ अवसरों पर परंपरा अनुसार अधिकतम ₹500 तक की ही बधाई राशि दी जाएगी।

ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति या समूह किसी परिवार पर अधिक राशि देने का दबाव बनाता है या जबरदस्ती करने का प्रयास करता है तो ग्रामीण उसका विरोध करेंगे और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करेंगे।
आमजन का कहना है कि किन्नरों की मनमानी से लोग लंबे समय से परेशान थे। आपको बता दें कि कुछ समय पूर्व नारनौल में दो किन्नर गुटों के बीच बधाई राशि को लेकर विवाद भी सामने आया था, जिसने काफी चर्चा बटोरी थी। ऐसे में अब क्षेत्रवासियों का मानना है कि बधाई राशि निर्धारित होने से ना केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि किन्नर समाज के भीतर आपसी विवाद की स्थिति भी कम होगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहेगी।
वहीं पूरे मामले को लेकर एसडीएम उदय सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी पर जोर-जबरदस्ती नहीं कर सकता। लोगों द्वारा जो ज्ञापन सौंपा गया है, उसके बाद यदि किन्नर समाज का कोई सदस्य किसी परिवार पर जबरदस्ती करता है या दबाव बनाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन पर कई वार्ड पार्षदों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
- Jharkhand News: मां के श्राद्धकर्म में पारंपरिक रीति-रिवाज निभा रहे CM हेमंत सोरेन, चूल्हे की पूजा कर प्रज्वलित की अग्नि
- बिहार में एनडीए की हलचल तेज, एमएलसी चुनावों को लेकर जदयू कार्यालय में हुई अहम बैठक
- सियासी उलटफेर: अखिलेश ने बढ़ाई ताकत, बृजभूषण के करीबियों ने छोड़ा साथ, जानें मामला
- जीवन बचाने वाली 108 एंबुलेंस पर 948 करोड़ के घोटाले का साया, ‘जय अंबे’ कंपनी पर लटकी लोकायुक्त की तलवार!
- SI भर्ती में बेटे को लीक पेपर, बहनोई के लिए डमी कैंडिडेट; 10 लाख का सौदा
