राजेश वर्मा, नारायणगढ़। आज सुबह भारतीय योग संस्थान नारायणगढ़ परिवार द्वारा आयोजित दैनिक योग कक्षा में सुल्तान उल कौम महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया जी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी योग साधकों ने महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके महान जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

पूर्व प्रधान ने महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया के व्यक्तित्व पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम के दौरान अहलूवालिया सभा के पूर्व प्रधान मुकेश वालिया ने महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया जी के व्यक्तित्व और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया केवल एक महान योद्धा ही नहीं बल्कि दूरदर्शी शासक, समाज सुधारक और धर्म रक्षक भी थे। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया जी ने साहस, त्याग और नेतृत्व का अद्भुत परिचय दिया और समाज को एकजुट करने का कार्य किया।

युवा पीढ़ी को राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और मानवता के मार्ग पर बढ़ना चाहिए

मुकेश वालिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाना केवल परंपरा नहीं बल्कि हमारी जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़कर रखा जा सके।

अधिक से अधिक संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील

भारतीय योग संस्थान नारायणगढ़ के जोन प्रधान संजय धीमान ने बताया कि ऐसे महापुरुषों की जयंती हमें उनके आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने संपूर्ण अहलूवालिया बिरादरी का धन्यवाद करते हुए कहा कि भारतीय योग संस्थान नारायणगढ़ परिवार हर तीज-त्योहार और महापुरुषों की जयंती को श्रद्धा के साथ मनाता है। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि संस्थान की निशुल्क योग कक्षा, जो प्रतिदिन प्रातः 4:50 से 6:00 बजे तक अहलूवालिया धर्मशाला में आयोजित होती है, में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें।

सामूहिक प्रार्थना और देश के उज्ज्वल भविष्य के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। इस अवसर पर रामनाथ धीमान, मनोज वालिया, राजेश वर्मा, मान सिंह, रवींद्र, एडवोकेट लाजपत भारापुर, पंडित रमाशंकर, अजीत त्यागी, विनोद, वैभव चौधरी, महिपाल यादव, मनीषा शर्मा, शशि ठाकुर, सोनल, संगीता, पुष्पिंदर, नीरज सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे। सभी ने महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें