रवि साहू, नारायणपुर। जिले के भरण्डा गांव में आज धर्मांतरण के आरोपों को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आरोप है कि ‘प्रेस’ लिखे एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग गांव पहुंचे थे, जिसके बाद धर्मांतरण को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला दो पक्षों के बीच मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

narayana

ग्रामीणों के अनुसार, गांव पहुंचे लोगों द्वारा आदिवासी समुदाय के कुछ लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस बात की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। विरोध के दौरान आदिवासी ग्रामीणों और मतांतरित समुदाय के कुछ लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में झड़प हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पत्रकारिता की आड़ में धर्मांतरण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पत्रकारिता की छवि भी प्रभावित हो रही है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप सड़क जाम कर दिया। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर संबंधित लोगों को थाने ले जाने का भी विरोध किया। इससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H