आशुतोष तिवारी, नारायणपुर। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग की सतर्क टीम ने तेंदुए की खाल की तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पूरी तरह सुरक्षित तेंदुए की खाल बरामद की गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक भी वन विभाग ने जब्त की हैं।

यह कार्रवाई वन मंत्री केदार कश्यप के वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ सख्त निर्देशों के तहत की गई। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, वन्यजीव अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 8 अगस्त को वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान धौड़ाई रेंज के गायातापारा मार्ग के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर गश्ती दल ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से तेंदुए की खाल बरामद हुई। आरोपी इसे दो मोटरसाइकिलों के जरिए ले जाने की कोशिश कर रहे थे। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइकों के नंबर CG-21/J-4096 और CG-21/J-0920 बताए गए हैं।
पूरी तरह सुरक्षित थी तेंदुए की खाल
वन विभाग के अनुसार, बरामद तेंदुए की खाल की कुल लंबाई 184 सेंटीमीटर, आगे के पैरों की ओर चौड़ाई 125 सेंटीमीटर, पिछले पैरों की ओर चौड़ाई 118 सेंटीमीटर और पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर है। खाल के आकार से इसके वयस्क तेंदुए की होने की बात सामने आई है। इससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनूराम काचलाम (39) और पुनीत कुमार बघेल (32), दोनों निवासी छोटेडोंगर, तथा जमधर पोताई (50) निवासी धौड़ाई के रूप में हुई है।
वन विभाग की टीम ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें धारा 9, 11, 39, 40(2), 44, 48(ए), 49(ए), 49(बी), 50 और 51 शामिल हैं।
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को नारायणपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को अधिकतम सात वर्ष तक की सजा हो सकती है।
तस्करी नेटवर्क की भी जांच
वन विभाग अब इस मामले की आगे की कड़ियों की जांच में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की खाल कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसके अलावा इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन्यजीव अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। जंगलों में लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि अवैध शिकार और वन्यजीवों की तस्करी पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


