दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले में नर्मदा और तवा नदी का सीना छलनी कर रहे रेत माफियाओं के खिलाफ जब आधी रात को प्रशासनिक अमला सड़कों पर उतरा, तो नजारा किसी फिल्मी ड्रामे से कम नहीं था। राजस्व, खनिज और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिंदबाबा मंदिर के पास रेत से लदे एक बिना रॉयल्टी वाले डंपर को दबोच लिया। यह रेत माखननगर के मनवाड़ा से अवैध रूप से लाई जा रही थी।

प्रशासन की टीम ने डंपर (MP 49 H 1166) को रोका, तो मौके पर पहुंचे उसके मालिक नमन परिहार ने अफसरों पर रसूख का रौब झाड़ने में कसर नहीं छोड़ी। उसने खुद को बड़े नेता ‘लक्ष्मण सिंह बैस का भतीजा’ बताते हुए दलील दी कि रेत स्टॉक से ले जाई जा रही थी। लेकिन जब एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने कड़े तेवर दिखाए और वैध दस्तावेज मांगे, तो ‘भतीजे’ की हेकड़ी हवा हो गई। डंपर को जब्त कर देहात थाने भिजवाया गया।

ये भी पढ़ें: काले हिरणों की तड़पती मौत पर 7 महीने तक ‘दावत’ उड़ाता रहा वन विभाग! जब मीडिया ने घेरा, तब टूटी DFO साहब की ‘कुंभकर्णी’ नींद!

हालांकि, रसूख का असर कहें या कानूनी पेच, एफआईआर दर्ज होने में कई घंटे लग गए और आखिरकार ड्राइवर हरिओम गोस्वामी पर मामला दर्ज हुआ। प्रशासन का यह अभियान जितना तगड़ा था, रेत माफिया का मुखबिर तंत्र उससे भी ज्यादा शातिर निकला। टीम जब डोंगरीवाड़ा, जासलपुर और निमसाड़िया खदानों पर छापेमारी करने पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसरा था। अफसरों के पैर रखने से पहले ही रेत चोर जेसीबी, लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर रफूचक्कर हो चुके थे। साफ है कि ‘खाकी और खादी’ के एक्शन की भनक माफिया को पहले ही लग चुकी थी, जिससे करोड़ों की काली कमाई वाले इस खेल के पीछे बैठे बड़े चेहरों पर अब भी सस्पेंस बरकरार है।

माईनिंग अधिकारी देवेश मरकाम ने बताया कि रात में हमारी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक डंपर को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान वाहन में रेत परिवहन से संबंधित कोई भी वैध रॉयल्टी नहीं पाई गई। रॉयल्टी न होने के कारण त्वरित कार्रवाई करते हुए डम्पर को जब्त कर लिया गया है और उसे संबंधित थाने में खड़ा कराया गया है। वर्तमान में मानसून सत्र चल रहा है और नियमों के अनुसार इस अवधि में रेत के उत्खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू है। कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहन और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की गई है। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m