दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। सामान्य वनमंडल और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) में वनरक्षक के 56 पदों पर भर्ती प्रक्रिया इन दिनों सुर्खियों में है। शनिवार को इस प्रक्रिया के तहत एक बेहद प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला, जब डीएफओ (DFO) गौरव शर्मा सिर्फ आदेश देने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद अभ्यर्थियों के साथ लंबी दौड़ में शामिल हो गए। शनिवार सुबह ठीक 6 बजे DFO गौरव शर्मा और प्रशिक्षु IFS अधिकारियों ने डिवीजन कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर 85 युवक-युवतियों को पैदल दौड़ के लिए रवाना किया। इस दौड़ में 64 पुरुष, 21 महिला अभ्यर्थी और 14 पूर्व सैनिक (एक्स-आर्मीमैन) शामिल हुए। सबसे खास बात यह रही कि डीएफओ गौरव शर्मा खुद अभ्यर्थियों के साथ मैदान पर दौड़े, ताकि उनका मनोबल बना रहे और वे बिना थके अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।
कठिन परीक्षा और रूट
प्रशासन द्वारा इस शारीरिक परीक्षा के लिए कड़े नियम तय किए गए थे। पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की लंबी दूरी 4 घंटे में तय करनी थी, जिनका रूट डीएफओ कार्यालय से तवा पुल और वापस डीएफओ कार्यालय तक था। वहीं, महिला अभ्यर्थियों के लिए 14 किलोमीटर की दौड़ का लक्ष्य 4 घंटे में पूरा करना तय किया गया था, जिनका रूट डीएफओ कार्यालय से जासलपुर और वापस कार्यालय तक रखा गया था। जंगल में नौकरी पाने की चाह रखने वाली महिलाओं ने भी इस कठिन परीक्षा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सुरक्षा और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम
लंबी दूरी के इस सफर में अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सेहत का पूरा ध्यान रखा गया। वाहनों के साथ फॉरेस्ट की पूरी टीम आगे-पीछे मौजूद रही। किसी भी आपात स्थिति या तबीयत बिगड़ने पर तत्काल इलाज के लिए एम्बुलेंस को साथ रखा गया था, और रास्ते में सहायता के लिए चार विशेष पॉइंट भी बनाए गए थे। इससे पहले शुक्रवार को DFO कार्यालय में 56 पदों के लिए चुने गए 109 अभ्यर्थियों में से 89 ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक माप और बायोमेट्रिक टेस्ट में हिस्सा लिया था, जबकि 20 अनुपस्थित रहे। अधिकारियों के इस मानवीय और प्रेरणादायक रवैये की हर तरफ सराहना हो रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

