दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के हाउसिंग बोर्ड में एक महिला अपने बच्चे के साथ 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वाले उसे बहुत प्रताड़ित करते है और उसकी कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी से तंग होकर वह अपने बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई।
नर्मदापुरम के हाउसिंग बोर्ड इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब एक महिला अपने बच्चे को लेकर 60 फीट की टंकी पर चढ़ गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और तहसीलदार को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से बातचीत करना शुरू किया। लेकिन वह टीआई की बात पर भरोसा नहीं कर सकी।
तहसीलदार की सूझबूझ से नीचे उतरीं महिला
वहीं नगर तहसीलदार सरिता मालवीय ने महिला से बात की और तहसीलदार की सूझबूझ से वह नीचे उतरने को तैयार हो गई। फिर खुद तहसीलदार ने ऊपर चढ़कर महिला को समझाकर नीचे उतारा। इसके बाद महिला को कोतवाली थाने ले जाया गया। जहां पर उसकी शिकायत पर उसके ससुराल वालों के खिलाफ मामले में कार्रवाई की जा रही है।

