दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम और सीहोर जिले की सीमा पर नर्मदा नदी किनारे चल रहे अवैध जुए के फड़ पर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह के नेतृत्व में माखननगर और शाहगंज थाना पुलिस ने सुबह-सुबह दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया और वे नाव के जरिए नदी पार कर फरार हो गए। नदी के तेज बहाव और दुर्गम रास्ते के कारण पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से आरोपियों का पीछा नहीं किया। हालांकि, मौके से नाव और ताश की गड्डियां जब्त की गईं, जबकि जुए के अड्डे पर लगे टेंट व दरी को पुलिस ने आग के हवाले कर नष्ट कर दिया।
नर्मदापुरम एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सीहोर एसपी से समन्वय कर यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें गोताखोरों की टीम भी शामिल थी। जुआ संचालक पुलिस से बचने के लिए ऐसे दुर्गम स्थानों का चयन करते थे, जहां सिर्फ नाव या ट्रैक्टर से ही पहुंचा जा सकता था। मामले में पुलिस ने पलटा उर्फ वीरेंद्र, बुद्धा मीना, विनीत गोस्वामी और सतीश अहिरवार के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें: दुर्गा पंडाल में हंगामा: प्रतिमा पटकने के आरोप पर भड़का आक्रोश; हिंदू संगठनों ने घेरा थाना, केस दर्ज
इसके अलावा परिवहन के लिए नाव व ट्रैक्टर उपलब्ध कराने वाले 12 संदिग्धों को नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी बुद्धा मीना को गिरफ्तार कर सड़क पर उसका जुलूस निकाला। माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जुए के 16 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

