दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर नर्मदापुरम में अनूठी और प्राचीन धार्मिक परंपरा देखने को मिली। शहर के ऐतिहासिक जगदीश मंदिर और डोंगरवाड़ा जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा का पारंपरिक महास्नान संपन्न हुआ। इस महास्नान के साथ ही एक विशेष मान्यता के चलते अगले 15 दिनों के लिए मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं।

108 पवित्र कलशों के सुगंधित जल से हुआ महाअभिषेक

ज्येष्ठ पूर्णिमा के मौके पर सुबह से ही दोनों प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। पूरा माहौल जय जगन्नाथ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। सबसे पहले पंडितों और पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से नवग्रह पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद मां नर्मदा के तट से लाए गए 108 पवित्र और सुगंधित कलशों के जल से भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का भव्य महाअभिषेक कराया गया।

महास्नान के बाद ‘बीमार’ हुए भगवान, 15 दिनों तक एकांतवास

सनातन धर्म की इस अद्भुत और सुंदर परंपरा के अनुसार, ज्येष्ठ पूर्णिमा के इस महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ अस्वस्थ हो जाते हैं। बीमार होने की इसी परंपरा के चलते भगवान अगले 15 दिनों तक ‘अनसर काल’ यानि एकांतवास में रहेंगे और अपने शयन कक्ष में विश्राम करेंगे। यही कारण है कि अगले 15 दिनों तक आम भक्तों के लिए मंदिर के पट पूरी तरह बंद रहेंगे।

छप्पन भोग बंद, मिलेगा जड़ी-बूटियों का काढ़ा

मंदिर के पुजारी ने बताया कि अस्वस्थता के इस दौर में भगवान को छप्पन भोग नहीं लगाया जाता है। इसके स्थान पर उन्हें पूरी तरह से सात्विक और औषधीय आहार जैसे फलों का रस, जड़ी-बूटियों का विशेष काढ़ा और आयुर्वेदिक औषधियां ही अर्पित की जाएंगी। भले ही गर्भगृह के कपाट बंद रहेंगे लेकिन मंदिर परिसर में निरंतर भजन-कीर्तन चलता रहेगा, जहां भक्त अपने आराध्य के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करेंगे।

स्वस्थ होने के बाद निकलेगी भव्य रथयात्रा

जगदीश मंदिर के पुजारी के अनुसार जैसे ही 15 दिनों का ‘अनसर काल’ समाप्त होगा और भगवान पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे, वैसे ही आषाढ़ मास की द्वितीया तिथि को भव्य और पारंपरिक जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी।

रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ अपने भाई और बहन के साथ भव्य रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और जनकपुर पहुंचेंगे। इस ऐतिहासिक रथयात्रा उत्सव को लेकर अभी से ही नर्मदापुरम के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m