दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के मोहासा औद्योगिक क्षेत्र को ग्रीन एनर्जी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। हरिद्वार की प्रसिद्ध सोलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लूनो रिन्युएबल ने 46 एकड़ जमीन पर अपने नए प्लांट की स्थापना के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस कार्यक्रम में कंपनी के को-फाउंडर व मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा, फाउंडर-डायरेक्टर शुभम महिंद्राटा सहित एमपीआईडीसी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

कंपनी यहां सोलर सेल, सोलर मॉड्यूल, इन्वर्टर और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम की चार उत्पादन इकाइयां स्थापित करेगी। लक्ष्य रखा गया है कि अगले पांच महीनों में बैटरी यूनिट और एक साल के भीतर चारों इकाइयों में उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में हरिद्वार में 600 मेगावॉट क्षमता का प्लांट चला रही है। कंपनी की योजना इसे 2 गीगावॉट तक बढ़ाने और नर्मदापुरम से नया उत्पादन शुरू करने की है।

8 कंपनी कर रही काम, 3 में उत्पादन शुरू

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि 884 एकड़ में फैले इस रिन्युएबल एनर्जी पार्क में सोलर ऊर्जा से जुड़ी 8 कंपनियां काम कर रही हैं, जिनमें से 3 में उत्पादन शुरू भी हो चुका है। औद्योगिक कॉन्क्लेव में यहां 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव स्वीकृत किए गए थे। 9 से 10 कंपनियों के शुरू होते ही स्थानीय युवाओं को हजारों की संख्या में रोजगार मिलेगा।

प्रशिक्षित कर दिया जाएगा रोजगार

कंपनी के को-फाउंडर विवेक बिंद्रा ने कहा कि स्थानीय कुशल और अकुशल युवाओं को ट्रेनिंग सेंटर के जरिए प्रशिक्षित कर रोजगार दिया जाएगा, जिससे राज्य सरकार को राजस्व और युवाओं को अवसर मिलेंगे। मोहासा में पहले से ही ग्रू सोलर, आइनॉक्स और भगवती मिल जैसे प्रोजेक्ट संचालित हो रहे हैं।​

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m