दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। पोस्ट ऑफिस घाट पर सोमवार को पुलिस टीम की मुस्तैदी और सूझबूझ से एक महिला की जान बच गई। थाना कोतवाली को घाट पर एक महिला के डूबने की सूचना मिली थी, जिस पर बिना वक्त गंवाए उप निरीक्षक दीपिका लोखंडे, आरक्षक हरीश और पंकेश तत्काल मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान डायल 112 में तैनात प्रधान आरक्षक राकेश और पायलट ने गजब की तत्परता दिखाई और उफनती नदी के पानी से महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया।
नदी से बाहर निकाले जाने तक महिला पूरी तरह बेहोश हो चुकी थी और उसकी सांसें थमने लगी थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर ही महिला को तुरंत सीपीआर (CPR) देना शुरू किया।
पुलिस के इस त्वरित प्रयास के कारण चमत्कारिक रूप से महिला को होश आया। इसके बाद महिला को तत्काल डायल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है और स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

