दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर वीर पुलिस जवानों की स्मृति में एक भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। बुधवार, 21 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान आमजन की सुरक्षा और खुशहाली के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक के आगमन और परेड कमांडर द्वारा सलामी से हुई। इसके पश्चात उप पुलिस महानिरीक्षक (IG) चन्द्र शेखर सोलंकी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का आगमन हुआ। बैंड पार्टी द्वारा शहीद जवानों की नामावली प्रस्तुत की गई, जिसका वाचन पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, आमंत्रित अतिथियों और पत्रकारों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र और पुष्पमाला अर्पित कर वीर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान परेड द्वारा शहीदों को अंतिम सलामी, शोक शस्त्र की कार्यवाही और शहीद स्मारक के दोनों ओर से धीरे चाल की रस्म पूरी की गई। आईजी चन्द्र शेखर सोलंकी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का पावन अवसर है, जिन्होंने नागरिकों की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह बलिदान सदैव देशवासियों और भावी पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

