राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी अंतर्गत ग्राम खापा खुर्द की रहने वाली बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) सड़क दुर्घटना के बाद भले ही इस दुनिया से विदा हो गईं, लेकिन उनके द्वारा दिए गए ‘महादान’ ने तीन अन्य लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा दी है। ब्रेन डेड घोषित होने के बाद उनके परिजनों ने अंगदान का बेहद साहसी और संवेदनशील फैसला लिया, जिसके तहत एम्स भोपाल में उनके अंगों का सफल प्रत्यारोपण किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि
इस प्रेरणादायक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी संवेदनाएं और श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने लिखा, “तीन लोगों को जीवन का अनमोल उपहार मिला है। असहनीय दुःख की घड़ी में उनके परिजनों ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की ऐसी मिसाल पेश की, जो सभी को प्रेरित करेगी।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह पहल इस बात का प्रमाण है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी अंगदान के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है और समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य के प्रति लोगों की सोच सकारात्मक हो रही है।
राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव में अंतिम विदाई
राज्य शासन के विशेष निर्णय और निर्देशों के अनुसार, दिवंगत शिवानी जी के उनके पैतृक गांव खापा खुर्द पहुंचने पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

