दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम की माटी का हुनर और यहां की खूबसूरत वादियां अब बड़े पर्दे पर इतिहास रचने के लिए तैयार हैं। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ कल यानी 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। गुरुवार को पत्रकार वार्ता में फिल्म के मुख्य अभिनेता शरद सिंह ने इससे जुड़ी कई दिलचस्प जानकारियां साझा कीं। यह फिल्म स्थानीय मीनाक्षी सिनेमाघर में दर्शकों को दिखाई जाएगी।
फिल्म की शूटिंग नर्मदापुरम के घाटों व वादियों में
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी संपूर्ण शूटिंग नर्मदापुरम के वास्तविक और खूबसूरत घाटों व वादियों में की गई है। अभिनेता शरद सिंह ने बताया कि फिल्म का उद्देश्य नर्मदा नदी के परिवेश और सामाजिक ताने-बाने को दिखाने के साथ-साथ यहां की छिपी हुई अभिनय प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना है। फिल्म में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) और मध्य प्रदेश के स्थानीय थिएटर कलाकारों को बॉलीवुड के दिग्गजों के साथ अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने का सुनहरा मौका मिला है।
सब-इंस्पेक्टर ‘नर्मदा रायकवार’ के मुख्य किरदार में
फिल्म की स्टारकास्ट बेहद अनोखी और दमदार है। IPS सिमाला प्रसाद मध्य प्रदेश कैडर की यह असली प्रशासनिक अधिकारी फिल्म में सब-इंस्पेक्टर ‘नर्मदा रायकवार’ के मुख्य किरदार में नजर आएंगी। रघुवीर यादव व जरीना वहाब ये दिग्गज कलाकार क्रमश ‘नंदकिशोर रायकवार’ और ‘सुधा रायकवार’ की सशक्त भूमिकाओं में दिखेंगे। अश्विनी कालसेकर अपनी बेटी को बचाने के लिए व्यवस्था से लड़ने वाली आदिवासी महिला ‘अग्नि धुर्वे’ का मुख्य किरदार निभा रही हैं। मुकेश तिवारी के एक अहम और नकारात्मक किरदार में नजर आएंगे।
बड़े पर्दे पर देखने के लिए खासा उत्साह
शरद सिंह (स्थानीय कलाकार) नर्मदापुरम के ही निवासी शरद सिंह लापता पुलिस इंस्पेक्टर ‘पुरुषोत्तम भदौरिया’ के सस्पेंसफुल मुख्य किरदार को जीवंत कर रहे हैं। इश्तियाक खान व अंजलि पाटिल, इश्तियाक खान ‘निशा’ नाम के ट्रांसजेंडर विलेन के रूप में एक चुनौतीपूर्ण प्रयोग कर रहे हैं, वहीं अंजलि पाटिल ‘गुलाब सिंह’ की प्रभावशाली भूमिका में हैं। नर्मदापुरम के दर्शकों में अपने ही शहर के जाने-पहचाने चेहरों और घाटों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए खासा उत्साह है।

