Narnaul Bride Suicide Case: हरियाणा के नारनौल में शादी के महज चार महीने बाद 24 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने मायके में घर के अंदर बने पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ईश्वर कॉलोनी निवासी मेघा के रूप में हुई है। परिजनों ने पति धीरज पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, मेघा की शादी 20 अप्रैल 2026 को गांव जोरासी निवासी धीरज के साथ हुई थी। धीरज मानेसर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार सुबह मेघा ने अपने मायके में घर के भीतर बने पानी के टैंक में छलांग लगा दी।

बहन का आरोप- शादी के बाद से करता था प्रताड़ित

मृतका की बहन रजनी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही धीरज मेघा को प्रताड़ित करने लगा था। वह छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करता था और दहेज के लिए पैसे भी मांगता था।

रजनी के अनुसार, धीरज रविवार को मेघा को उसके मायके छोड़कर गया था। उस समय वह सामान्य थी। हालांकि, मेघा अक्सर बताती थी कि उसका पति उसे मानसिक रूप से परेशान करता है।

‘सुंदर नहीं हो’ कहकर देता था ताने

रजनी ने बताया कि रविवार रात मेघा ने उससे बातचीत में कहा था कि उसका पति बात-बात पर ताने देता है। वह उसे कई तरह से अपमानित करता था और कई बार कहता था कि वह सुंदर नहीं है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि धीरज के अन्य जगहों पर भी संबंध थे, जिससे मेघा मानसिक तनाव में रहती थी।

सुबह खुला मिला टैंक का ढक्कन, अंदर मिला शव

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात मेघा अपनी बहन के साथ कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो घर के पानी के टैंक का ढक्कन खुला मिला। मेघा कमरे में नहीं थी। तलाश करने पर उसका शव टैंक के अंदर मिला। परिजनों के अनुसार, उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मां का आरोप- दो बार मांगे थे 50-50 हजार रुपये

मृतका की मां पुष्पा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। उनका कहना है कि पति धीरज ने दो बार 50-50 हजार रुपये की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार प्रताड़ना के कारण मेघा ने यह कदम उठाया। रजनी ने बताया कि मेघा ने एमएससी और बीएड की पढ़ाई की थी। वह पढ़ाई में होनहार थी और आगे कुछ करना चाहती थी। परिजनों का आरोप है कि उसका पति उसे अपने सपने पूरे नहीं करने देता था।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शिकायत पर जांच शुरू

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने पति धीरज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।