नारनौल। हरियाणा के नारनौल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को शराब कारोबारी अंकुश गोयल के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई गुरुग्राम में दिसंबर 2025 में सामने आए करीब 10 करोड़ रुपये के अवैध विदेशी शराब मामले से जुड़ी बताई जा रही है। हालांकि, ईडी की ओर से तलाशी के उद्देश्य और बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

दिसंबर 2025 में गुरुग्राम पुलिस ने सिग्नेचर टावर स्थित ‘द ठेका’ नाम की शराब दुकान पर छापा मारा था। इस दौरान विदेशी शराब की 3,921 पेटियां और 176 खुली बोतलें बरामद की गई थीं। बरामद शराब की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

जांच में बोतलों पर अनिवार्य होलोग्राम और ट्रैक-ट्रेस स्ट्रिप्स नहीं मिले थे। इससे शराब की वैधता और उसके स्रोत को लेकर सवाल उठे थे।

शराब की दुकान में थी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी

इस मामले में अंकुश गोयल को शराब की दुकान का सह-मालिक बताया गया था। दुकान में उसकी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात सामने आई थी। वह नारनौल के गुरु नानक मोहल्ले का निवासी बताया गया है।

गुरुग्राम पुलिस ने दिसंबर 2025 में इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान आबकारी विभाग के एक अधिकारी को भी निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने अंकुश गोयल को राजस्थान के झुंझुनूं से गिरफ्तार किया था।

जनवरी में अदालत ने खारिज की थी जमानत याचिका

जनवरी 2026 में गुरुग्राम की अदालत ने अंकुश गोयल की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके अलावा, उसका नाम गैंगस्टर चीकू के साथ कथित कारोबारी संबंधों को लेकर भी सामने आ चुका है।

मंगलवार को ईडी की टीम ने नारनौल में उसके ठिकानों पर छापेमारी की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि किन-किन जगहों पर तलाशी ली गई और क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री जब्त की गई है। ईडी की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m