नारनौल पुलिस ने पिछले 5 वर्षों में नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर टनों नशीला पदार्थ बरामद किया है। इसी कड़ी में माननीय न्यायालय ने वर्ष 2021 के एक मामले में मुख्य दोषी को 20 वर्ष के कारावास की कठोर सजा सुनाई है।
गुलशन कुमार, महेन्द्रगढ़। जिला पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी और इसके अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पुलिस ने वर्ष 2021 से अब तक बड़े स्तर पर नशा तस्करों की धरपकड़ की है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में पुलिस ने 34 मामले दर्ज कर 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 2225.96 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया। यह सिलसिला लगातार जारी रहा और वर्ष 2022 से 2025 के बीच सैकड़ों तस्करों को दबोचकर भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, चूरा पोस्त, अफीम और चिट्टा बरामद किया गया। मौजूदा वर्ष 2026 में भी अब तक 17 मामले दर्ज कर 26 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
5 किलो गांजा और 3 किलो सुल्फा मामले में बड़ी सजा
नशा तस्करों के खिलाफ कानून का डंडा इस कदर चला कि माननीय न्यायालय ने वर्ष 2021 के एक गंभीर मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया। तत्कालीन एसआई युद्धबीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान राजस्थान निवासी अशोक कुमार योगी को गिरफ्तार किया था, जिसकी गाड़ी से 5 किलोग्राम 345 ग्राम गांजा और 3 किलोग्राम 75 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ था। पुलिस की गहन जांच में इस नेटवर्क के अन्य सदस्य जगदीश, इंद्रजीत और यशपाल भी पकड़े गए। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने पुलिस द्वारा पेश किए गए पुख्ता सबूतों के आधार पर वर्ष 2025 में मुख्य आरोपी अशोक को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई, जबकि अन्य तीन साथियों को 10-10 साल की जेल और जुर्माने की सजा दी गई।
एसपी की अपील: नशा मुक्त समाज के लिए दें साथ
इस कठोर फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक ने कहा कि जिला पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 20 साल की यह सजा नशा तस्करों के लिए एक कड़ा संदेश है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। यदि आस-पास कोई भी व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी में संलिप्त पाया जाता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
पिछले वर्षों की कार्रवाई का विवरण
पुलिस द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023 में 68 मामलों में 99 आरोपी और 269 किलो नशीला पदार्थ पकड़ा गया। वहीं वर्ष 2024 में 101 तस्करों से 123 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। वर्ष 2025 पुलिस के लिए सबसे बड़ी सफलता का साल रहा, जिसमें 58 मामलों में 99 लोगों को गिरफ्तार कर लगभग 1111 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि नारनौल पुलिस नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। माननीय न्यायालय के कड़े रुख और पुलिस की निरंतर गश्त ने जिले में तस्करों के नेटवर्क को कमजोर कर दिया है, जिससे समाज में सुरक्षा का भाव बढ़ा है।

