मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को दिए शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश, पटवारियों की हड़ताल और पंप सेट मामले पर भी दी प्रतिक्रिया
गुलशन कुमार, नारनौल। पीजी कॉलेज सभागार में आज जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने की। बैठक में कुल 10 मामलों पर सुनवाई हुई। इनमें तीन मामले पिछली बैठक से संबंधित थे, जबकि सात नई शिकायतें शामिल रहीं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मौके पर ही आठ शिकायतों का समाधान किया। वहीं, तीन मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। एक मामले को लेकर मंत्री विपुल गोयल ने नगर परिषद के डीएमसी को फटकार लगाई और अगली बैठक तक समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंत्री ने किया पौधारोपण
जन परिवेदना समिति की बैठक समाप्त होने के बाद मंत्री विपुल गोयल ने पीजी कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
पटवारियों की हड़ताल जल्द खत्म होने की उम्मीद
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री विपुल गोयल ने पटवारियों की हड़ताल को लेकर कहा कि उनकी 13 में से 12 मांगों पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार तक पटवारियों की हड़ताल समाप्त हो जाएगी।
मंत्री ने बताया कि एक मांग में कानूनी अड़चन है। इस संबंध में एडवोकेट जनरल और लीगल रिमेंब्रांसर से राय ली गई है। सरकार की ओर से मामले का समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुराने पंप सेट खरीद मामले की होगी जांच
नगर परिषद में बरसाती पानी की निकासी के लिए पंप सेट खरीदने के मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि नए टेंडर के बावजूद पुराने पंप सेट लाने का मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


