गुलशन कुमार, नारनौल। हरियाणा सरकार ने पालतू पशुओं को सड़क पर बेसहारा छोड़ने वालों पर कार्रवाई की बात कही है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को नारनौल में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक में कहा कि पशु मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और बार-बार नियम तोड़ने पर पशु जब्त किए जाएंगे। मंत्री के अनुसार पहली बार 11 हजार रुपये, दूसरी बार 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार पशु को इंपाउंड कर गाय को गौशाला और नंदी को नंदीशाला भेजा जाएगा।

बैठक में कुल 12 मामले रखे गए। इनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि एक मामले में जांच के निर्देश दिए गए। बैठक राजकीय पीजी कॉलेज सभागार में हुई। इससे पहले जिला प्रशासन ने 28 सितंबर की बैठक के लिए 12 मामले निर्धारित किए थे।
दूध निकालकर पशुओं को खुला छोड़ने पर कार्रवाई
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कई लोग अपने पशुओं का दूध निकालने के बाद उन्हें खुले में छोड़ देते हैं। इससे सड़क पर दुर्घटनाएं होने की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अब कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहली बार पशु को बाहर खुला छोड़ने पर 11 हजार रुपये का जुर्माना होगा। दूसरी बार 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार संबंधित पशु को इंपाउंड किया जाएगा।
गेस्ट हाउसों की भी होगी जांच
बैठक के दौरान मंत्री ने नारनौल में चल रहे गेस्ट हाउसों की जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन गेस्ट हाउस के पास लाइसेंस नहीं है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन शिकायतों पर भी दिए निर्देश
मालड़ा सराय के महेंद्र सिंह की पानी निकासी से जुड़ी शिकायत पर पंचायत अधिकारी को काम जल्द पूरा कर एक महीने में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
एचएसवीपी सेक्टर-1 के आरडब्ल्यूए और निवासियों ने पार्कों की चारदीवारी और बेसहारा पशुओं की समस्या उठाई। मंत्री ने इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
राजावास की ढाणी के बलजीत सिंह की माइनिंग से जुड़ी शिकायत पर एडीसी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया। गहली के सचिन की जमीन से जुड़ी शिकायत पर तहसीलदार को सही बंटवारा कराने के निर्देश दिए गए।
मोहल्ला सीलाखाना के राम सज्जन शर्मा की शिकायत पर जिला नगर आयुक्त को सभी पुराने बोरवेल बंद कराने और किसी भी मेनहोल को खुला नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए। फैक्ट्री से संबंधित शिकायत में मंत्री ने तीसरा नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई करने को कहा।
तय समय में शिकायतों के समाधान पर जोर
विपुल गोयल ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों का बिना देरी समाधान करना सरकार और जिला प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को बची हुई शिकायतों पर तय समय-सीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री पहुंचे अंबाला अस्पताल: मृतकों को 1-1 लाख की मदद का ऐलान, जानिए क्यों भड़के परिजन?
नारनौल में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की बैठक में 12 मामले सुनवाई के लिए रखे जाने की जानकारी जिला प्रशासन ने पहले ही दी थी। इनमें पंचायती राज, नगर परिषद, एचएसवीपी, पशुपालन एवं डेयरिंग, पुलिस, बिजली, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी और आबकारी एवं कराधान विभाग से जुड़े मामले शामिल थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


