गुलशन कुमार/नारनौल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अगुवाई में नारनौल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के रंग में सराबोर इस यात्रा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों लोगों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत अटेली क्षेत्र के बजाड़ के पास से शुरू हुई। प्रारंभिक चरण में यात्रा वाहनों के काफिले के रूप में निकली, जो अटेली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और अटेली कस्बे के प्रमुख बाजारों से होते हुए नारनौल पहुंची। नारनौल शहर में यात्रा का कई स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। इसके बाद यात्रा रेवाड़ी रोड, बस स्टैंड, महावीर चौक और महेंद्रगढ़ रोड से गुजरते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंची।
इस अवसर पर आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 9 अगस्त को नारनौल से प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया था और उसी कड़ी में जिले में यह यात्रा आयोजित की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा उन लाखों वीरों के बलिदान का प्रतीक है, जिनके संघर्ष और त्याग से देश को आजादी मिली। यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति तभी संभव है, जब सभी नागरिक जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और समाज के विकास में योगदान दें।
आरती सिंह राव ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। स्वास्थ्य विभाग आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
भाजपा कार्यालय से पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो महेंद्रगढ़ रोड से होते हुए नसीबपुर स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां स्वास्थ्य मंत्री ने 1857 की क्रांति के महानायक राव तुलाराम तथा स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले हजारों अनाम शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद स्मारक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा राव तुलाराम की वीरता और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। यह स्मारक आज भी युवाओं को राष्ट्रप्रेम, त्याग और देशसेवा की प्रेरणा देता है तथा हरियाणा के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाता है।
तिरंगा यात्रा में अटेली के अलावा नारनौल, महेंद्रगढ़ और नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का उत्साह और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश यादव, कंवर सिंह यादव, चेयरमैन बाबू लाल पटिकरा, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, विकास चेयरमैन अटेली, दिनेश जैलदार चेयरमैन, संदीप राव एडवोकेट, मंदीप यादव एडवोकेट, वासुदेव यादव, विकास बडकोदा, सोमेश यादव, धीरज यादव रेवाड़ी आदि भी उपस्थित थे।
- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे की रंग में रंगा जमुई, रंग-बिरंगी लाइटों से सजे सरकारी भवन
- Today’s Top News: तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत, प्रेमी ने प्रेमिका पर हथियार से किया वार और खुद का काटा गला, 21 साल पुराने चावल घोटाले में EOW ने पेश किया 40 हजार पन्नों का चालान, रिश्वत मामले में CBI ने सीनियर DME समेत 2 को लिया रिमांड में, छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त बनाने का प्रयास… पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें
- हल्द्वानी में खड़गे के मंच को धोने पर बढ़ा बवाल! कांग्रेस नेताओं ने क्यों कहा- यह संविधान और दलितों का अपमान है?
- गोलियों की बौछार के बीच नहीं डिगे कदम : 12 जांबाजों को गैलेंट्री मेडल- 81 पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित
- CM डॉ. मोहन का बड़ा एक्शन: जनता की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, मंच से डिप्टी कलेक्टर, CMO, CEO समेत 7 अफसर सस्पेंड


