दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से सरकारी सिस्टम की एक बड़ी और गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां गरीबों को पिछले 6 महीनों से राशन नहीं मिला है। पूरा मामला गोटेगांव विधानसभा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत ‘कुसमी सागोरिया’ का है। यहां के ग्रामीण दाने-दाने के लिए मोहताज हैं। हैरानी की बात यह है कि सरकारी राशन दुकान से ग्रामीणों को राशन वितरण की पर्ची तो थमा दी गई और सरकारी रिकॉर्ड में भी राशन बांटना दर्ज कर दिया गया, लेकिन हकीकत में गरीबों की थाली खाली है।
कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे ग्रामीण
राशन न मिलने से परेशान और आहत होकर दर्जनों ग्रामीण अपनी फरियाद लेकर सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। हालांकि अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। राशन न मिलने का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि गांव में रहने वाली आंखों से अंधी बुजुर्ग महिला और अपाहिज बुजुर्गों के सामने अब पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासनिक अमला शिकायत मिलने के बाद भी केवल जांच कराएंगे का रटा-रटाया जवाब दे रहा है।
“मुख्यमंत्री भैया, राशन दिलवा दो”: त्यौहार के मुहाने पर बहनों की गुहार
रक्षाबंधन और कजलियों के पावन त्यौहार को देखते हुए सगौरिया गांव की बहनों ने बेहद भावुक होकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। महिलाओं ने अपने ‘मुख्यमंत्री भैया’ से अपील करते हुए कहा कि उन्हें उनका हक जल्द से जल्द दिलवाया जाए, ताकि इस मुश्किल घड़ी में उनका परिवार और बच्चे भी त्यौहार को खुशी-खुशी मना सकें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


