दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक नाबालिग को तेल टैंकर वाले ड्राइवर से लिफ्ट मांगना महंगा पड़ गया। लिफ्ट देने के बहाने ड्राइवर ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव का बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, गोटेगांव की रहने वाली 16 साल की लड़की शुक्रवार की सुबह अपनी दादी की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी और पैदल चलते हुए वह सुबह करीब 10 बजे नरसिंहपुर रोड पर पहुंची। जहां उसने एक पेट्रोल टैंकर के ड्राइवर रविंद्र कुमार यादव से लिफ्ट मांगी। नाबालिग ने ड्राइवर से कहा कि उसे नरसिंहपुर के दादा महाराज मंदिर के पास छोड़ देना।

केबिन के अंदर की दरिंदगी

ड्राइवर रविंद्र ने गाड़ी में बैठा, लेकिन दादा महाराज का मंदिर आने के बाद भी गाड़ी नहीं रोकी। उसने लड़की को बहला-फुसलाकर छिंदवाड़ा घुमाने का झांसा दिया और टैंकर उसी तरफ ले गया। शाम को अंधेरा होने पर रविंद्र ने एक सुनसान जगह पर टैंकर खड़ा किया। इसके बाद केबिन के अंदर ही लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद जब आरोपी टैंकर खाली करने एक पंप पर रुका, तो लड़की ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे पकड़ लिया।

रीवा का रहने वाला है आरोपी

नाबालिग ने बाद में आरोपी के ही मोबाइल से अपने घर फोन किया और पूरी बात बताई। आरोपी ड्राइवर लड़की को गोटेगांव बाईपास पर छोड़कर भाग निकला, लेकिन घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे धर दबोचा। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी रविन्द्र यादव पर पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपी शादीशुदा हैं और रीवा का रहने वाला हैं, जो जबलपुर के शहपुरा प्लांट से डीजल-पेट्रोल सप्लाई का काम करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m