दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर के जैन मंदिर में हुई हुई चोरी की वारदात बेहद सुर्खियों में हैं। पूरा मामला करकबेल स्थित नेमिनाथ जैन मंदिर का है जहां बीती देर रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को हैरान कर दिया। चोर मंदिर में भगवान की प्रतिमा पर विराजमान सोने-चांदी के छत्र को तो ले ही गए। साथ में अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए उन्होंने सीसीटीवी सिस्टम को भी निशाना बनाया और डीवीआर तक चुरा लिया। 

सोने और चांदी के छत्र ले उड़े चोर

इस पूरी वारदात में चोरों का मुख्य निशाना भगवान की प्रतिमा पर लगे कीमती सोने और चांदी के छत्र थे। लेकिन इस दौरान चोरों ने गर्भगृह तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन वहां लगे मजबूत ताले को तोड़ने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने डंडों की मदद से प्रतिमा पर लगे छत्र निकालने की कोशिश की और तीन छत्र चोरी कर ले गए। 

सबूत मिटाने डीवीआर ले गए चोर

वारदात को अंजाम देने पहुंचे चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। सबसे पहले उन्होंने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। जब कैमरे नहीं टूटे तो सबूत मिटाने के लिए उन्होंने मंदिर परिसर से लगे स्कूल की दीवार तोड़ दी और स्कूल कार्यालय में रखा सीसीटीवी डीवीआर अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर परिसर में लगे इनवर्टर और बैटरियों पर भी हाथ साफ कर दिया। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला।

पुलिस ने शुरु की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी बुलाया गया है। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुराग तलाश रही है। धार्मिक आस्था के केंद्र बने इस मंदिर में हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जल्द खुलासा करने का दावा

फिलहाल पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा बहरहाल अब देखना होगा कि पुलिस इन चोरों तक कब पहुंच पाती हैं। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m