हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की सफलता के बाद अब वह दक्षिण भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओम’ (OM) का हिस्सा बनने जा रहे हैं. मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम का ऐलान कर दिया है, जिसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) करीब 26 साल बाद तमिल सिनेमा में वापसी करने जा रहे हैं. इस खबर ने हिंदी और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है.

ये कर रहे फिल्म का निर्देशन

फिल्म ‘ओम’ (OM) एक बड़े बजट की एक्शन-ड्रामा परियोजना है, जिसे दो भागों में तैयार किया जा रहा है. इस महत्वाकांक्षी फिल्म का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी कर रहे हैं. निर्देशक को उनकी पिछली फिल्म ‘अमरन’ के लिए दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी. अब वह धनुष के साथ एक और भव्य प्रोजेक्ट लेकर आ रहे हैं, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं.

मेकर्स ने ख़ुद शेयर की जानकारी

बता दें कि नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) के इस फिल्म से जुड़ने की जानकारी मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए शेयर किया है. उनके आधिकारिक पोस्ट में अभिनेता की एक तस्वीर के साथ लिखा गया- “ओम की दुनिया में एक दमदार एंट्री. दिग्गज नसीरुद्दीन इस मेगा फिल्म का हिस्सा बन गए हैं. 16 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में आ रही है.” इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं और फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.

आखिरी बार 2000 में आए थे नजर

नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) की तमिल सिनेमा में वापसी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने आखिरी बार साल 2000 में रिलीज हुई ‘हे राम’ में काम किया था. कमल हासन के निर्देशन में बनी इस चर्चित फिल्म में उन्होंने महात्मा गांधी का किरदार निभाया था, जबकि फिल्म में शाहरुख खान भी अहम भूमिका में नजर आए थे. अब लगभग ढाई दशक बाद वह फिर से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं.

फ़िल्म मी मजबूत स्टार कास्ट

फिल्म की स्टार कास्ट पहले से ही काफी मजबूत मानी जा रही है. धनुष (Dhanush) इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. उनके साथ साई पल्लवी और श्रीलीला फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी. वहीं, खबरें हैं कि मलयालम सुपरस्टार ममूटी भी फिल्म में एक महत्वपूर्ण किरदार निभा सकते हैं. हालांकि, उनके नाम की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है.

कब हो रही रिलीज

फिल्म का पहला भाग ‘ओम चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ शीर्षक के साथ रिलीज किया जाएगा. मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट 16 अक्टूबर 2026 तय की है और इसे दुनिया भर के सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर रिलीज किया जाएगा. फिल्म की कहानी, भव्य एक्शन सीक्वेंस और स्टार कास्ट को देखते हुए इसे अगले साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है.