राकेश कथूरिया, कैथल. जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को करनाल रोड स्थित नए रेडक्रॉस भवन प्रशिक्षण केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणाधीन आईएएस अधिकारी शिवानी पांचाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्राथमिक चिकित्सा एवं गृह परिचर्या का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
शिवानी पांचाल ने प्रशिक्षणार्थियों को संकल्प दिलाया कि वे स्वयं कभी किसी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान का हिस्सा बनना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहें। शिवानी पांचाल ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी की प्रधान एवं डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में संस्था समाज हित में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेडक्रॉस भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस सोसायटी नियमित रूप से रक्तदान शिविर, प्राथमिक चिकित्सा एवं गृह परिचर्या प्रशिक्षण, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जांच शिविर, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण, यूथ एवं जूनियर रेडक्रॉस शिविर, आपदा प्रबंधन, तपेदिक परियोजना, नशा मुक्ति अभियान, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान सहित अनेक सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर रही है।

इसके अलावा मूक-बधिर एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए भी विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समय-समय पर नशामुक्ति सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले को नशामुक्त और स्वस्थ बनाया जा सके।
इस अवसर पर उप अधीक्षक पवन कुमार, डॉ. बीरबल दलाल, लेखाकार रामपाल तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी का स्टाफ उपस्थित रहा।
- सड़क निर्माण और रखरखाव में लापरवाही पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, मुख्य सचिव को आदेश के पालन की जानकारी देने के निर्देश
- इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतारी गई युवती और दो युवक! लापता होने की शिकायत के बाद CISF की कार्रवाई, परिजनों ने जताई ‘लव जिहाद’ की आशंका , मुंबई जाने की तैयारी में थे तीनों
- नीला ड्रम हत्याकांड: DNA टेस्ट तक कराने को तैयार नहीं सौरभ का परिवार, जानिए जेल में जन्मी बच्ची का अब क्या होगा?
- IND vs WI 4th T20I: वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराया, संजू की फिफ्टी बेकार, कीमो पॉल ने झटके 5 विकेट, सीरीज 2-2 से बराबर
- पटना के बोरिंग रोड में Shriram Finance के नए BU ऑफिस का उद्घाटन, मंत्री लेशी सिंह और डॉ. सत्यजीत सिंह रहे मौजूद

