अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। स्थानीय थाना क्षेत्र के मंगीतपुर गांव में एक 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने घर से फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया है, जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने लगाया गला घोंट कर हत्या का आरोप
लक्ष्मीना का मायका बड्डी थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में था। मौत की खबर मिलते ही मायके वाले मंगीतपुर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि लक्ष्मीना की गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं, गांव में चर्चा है कि महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
पति बड़ी बेटी संग फरार, ससुर हिरासत में
घटना के बाद से मृतका का पति सरोज पासवान अपनी बड़ी बेटी को साथ लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर, बाल बच्चन पासवान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बता दें कि लक्ष्मीना और सरोज की शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उनके तीन बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) हैं।
पुराना था पारिवारिक विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, दंपति के बीच अनबन नई नहीं थी। करीब तीन महीने पहले भी दोनों के बीच भारी विवाद हुआ था, जिसमें पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। स्थानीय स्तर पर सुलह के बावजूद तनाव बना रहा, जिसका अंत इस दुखद घटना के साथ हुआ। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश में छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

