राकेश कथूरिया, कैथल। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) की ओर से 12वीं लघु फिल्म प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में संवेदनशीलता विकसित करना है। जिला प्रशासन ने युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

डीसी अपराजिता ने जानकारी देते हुए बताया कि देश का कोई भी नागरिक इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकता है। इसमें आयु सीमा तय नहीं की गई है। प्रतिभागी अपनी लघु फिल्म 30 जून 2026 तक Google Drive लिंक के माध्यम से पर भेज सकते हैं।

उन्होंने बताया कि फिल्म हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी भारतीय भाषा में बनाई जा सकती है। हालांकि, गैर-अंग्रेजी फिल्मों के लिए अंग्रेजी सब-टाइटल अनिवार्य होंगे। फिल्म की अवधि न्यूनतम 3 मिनट और अधिकतम 10 मिनट तय की गई है।

प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1 लाख 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा जूरी की सिफारिश पर अधिकतम चार प्रतिभागियों को विशेष उल्लेख श्रेणी में 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जा सकता है।

डीसी अपराजिता ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को सामाजिक मुद्दों और मानवाधिकारों पर अपनी सोच को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अच्छा अवसर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों, फिल्म मेकर्स और क्रिएटिव युवाओं से इसमें भाग लेने की अपील की।

प्रतियोगिता से जुड़े दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।