मुजफ्फरपुर। शहर से खेल जगत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां की एक 17 वर्षीय नाबालिग नेशनल रग्बी खिलाड़ी ने अपने ही कोच राहुल कुमार महतो पर यौन उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि एफआईआर दर्ज हुए डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसे लगातार डरा-धमका रहा है।

​करियर बर्बाद करने का डर और यौन उत्पीड़न

​पीड़िता, जो बिहार टीम की ओर से दो बार नेशनल खेल चुकी है, ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान कोच राहुल कुमार महतो अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता था। वह अकेले में मिलने का दबाव बनाता और विरोध करने पर करियर खत्म करने की धमकी देता था। खिलाड़ी के अनुसार, कोच की प्रताड़ना इतनी बढ़ गई थी कि वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी।

​केस दर्ज होने पर मिली ‘गोली मारने की धमकी’

​मामले में नया और खौफनाक मोड़ तब आया जब पीड़िता ने बताया कि केस दर्ज कराने के बाद से उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़िता का आरोप है कि कोच उसे फोन कर कह रहा है, “जब भी मैं तुम्हें देखूंगा, गोली मार दूंगा।” इतना ही नहीं, पीड़िता के समर्थन में सामने आने वाली अन्य लड़कियों को भी डराया जा रहा है। डरी-सहमी पीड़िता फिलहाल खेल के सिलसिले में शहर से बाहर है, लेकिन उसका पूरा परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।

​ऑडियो सबूत और पुलिस की सुस्ती

​पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ केवल बयान ही नहीं दिए, बल्कि पुलिस को पुख्ता ऑडियो सबूत भी सौंपे हैं। इन रिकॉर्डिंग्स में कोच को कथित तौर पर अश्लील बातें करते सुना जा सकता है। इसके बावजूद, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस अब मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है, इसीलिए आरोपी अब तक आजाद घूम रहा है।

​10-15 लड़कियों ने छोड़ा खेल का मैदान

​यह मामला सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं है। पीड़िता का दावा है कि कोच अन्य महिला खिलाड़ियों के साथ भी इसी तरह का दुर्व्यवहार और अवैध उगाही करता था। आरोपी के खौफ और मानसिक प्रताड़ना के कारण लगभग 10 से 15 लड़कियों ने रग्बी की ट्रेनिंग छोड़ दी है और मैदान पर आना बंद कर दिया है।

​आरोपी का रसूख और पुलिस की कार्रवाई

​आरोपी राहुल कुमार महतो खुद एक नेशनल खिलाड़ी रह चुका है और मुजफ्फरपुर के पुरानी ब्लॉक मैदान में कोचिंग देता था। इसी मैदान से निकले कई खिलाड़ी ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत सरकारी सेवाओं में भी हैं। इस रसूख के बीच, एसडीपीओ पश्चिम-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि गिरफ्तारी के आदेश दिए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।