राकेश कथूरिया, कैथल : कैथल में मेजर ध्यान चंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रविवार को सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री एवं पूर्व नगर पालिका चेयरमैन यशपाल प्रजापति मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यान चंद का जीवन देश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने खेल में आगे बढ़ना चाहिए।
यशपाल प्रजापति ने कहा कि निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) नसीब सैनी ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यान चंद ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर हॉकी के क्षेत्र में भारत का परचम पूरी दुनिया में लहराया।
नसीब सैनी ने खिलाड़ियों से कहा कि यदि वे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करेंगे तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे वे खेल के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन हैंडबॉल कोच राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी राज रानी, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी गुरमीत सिंह, अमरजीत सिंह, दिलावर, जूडो कोच जोगिंदर, रणधीर ढांडा, सलेश, संदीप डीपी, मोहन लाल डीपी, प्रशांत कोच सहित विभिन्न खेल नर्सरियों के प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


