राकेश कथूरिया | कैथल। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में हाबड़ी हॉकी स्टेडियम में हॉकी मैच का आयोजन किया गया। मुकाबला हाबड़ी की गर्ल्स हॉकी नर्सरी और बरसाना की गर्ल्स टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में हाबड़ी हॉकी नर्सरी की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
आयोजन के दौरान सांसद नवीन जिंदल की ओर से अरविंद गोलन (नवीन जिंदल ऑफिस, कैथल), सरपंच गुरविंदर सिंह, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह, हॉकी सचिव रमेश कुमार, हॉकी प्रधान सरदार सरूप सिंह, हॉकी कोच सुरेंद्र प्रताप, डीपीई रामदिया शर्मा, नर्सरी कोच लवप्रीत सिंह, नर्सरी कोच शेर सिंह, हॉकी कोच विशाल शर्मा सहित गांव के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सरपंच ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
सरपंच गुरविंदर सिंह ने खिलाड़ियों को खेलों के महत्व और इससे जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। खेलों के क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बेहतर भविष्य की संभावनाएं हैं, इसलिए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल उपलब्धियों के बारे में भी खिलाड़ियों को बताया। साथ ही ओलंपिक खेलों में भारत के प्रदर्शन और हॉकी में देश की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया और ग्रामीण क्षेत्र में हॉकी को बढ़ावा देने की दिशा में भी सकारात्मक संदेश दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


