राकेश कथूरिया, कैथल : कैथल में मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को पुलिस लाइन में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान क्रिकेट, वॉलीबॉल और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें पुलिसकर्मियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में टीमों के बीच टॉस करवाकर विभिन्न मुकाबलों की शुरुआत कराई गई। खेल मैदान में पुलिसकर्मियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जवानों ने अपनी-अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरे जोश और उत्साह के साथ खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में क्रिकेट में पुलिस लाइन की टीम विजेता रही। वहीं वॉलीबॉल में तितरम थाना की टीम ने बाजी मारी, जबकि रस्साकशी प्रतियोगिता में एएनसी-एवीटी टीम विजेता रही। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन के साथ खेल भावना का परिचय दिया।

इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वार्टर बीर भान, डीसीपी क्राइम सुशील प्रकाश, डीएसपी एईसी रमेश चंद्र तथा डीएसपी कलायत रोहताश जांगड़ा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m