पटना। राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बादीपुर गांव के समीप गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH)-139 पर तेज रफ्तार हाईवा ने ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने जमकर हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दी।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान जानीपुर निवासी संजीवन राम (65) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजीवन राम अपने कुछ परिचितों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर नौबतपुर की ओर से वापस लौट रहे थे। तभी बादीपुर गांव के निकट पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाईवा ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर और ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और दोनों अलग-अलग हो गए। इस हादसे में संजीवन राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया
दुर्घटना में महंगूपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद, मंटू कुमार और एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के फौरन बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, घटना के तुरंत बाद हाईवा चालक अपना वाहन घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। नौबतपुर पुलिस ने हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, घंटों लगा जाम
इस दुखद घटना की खबर फैलते ही आसपास के दर्जनों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर पटना-नौबतपुर मार्ग को टायर जलाकर घंटों के लिए पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क पर जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हालात की गंभीरता को देखते हुए नौबतपुर, जानीपुर और पिपलामा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोगों को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई और सरकारी प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा हादसे के बाद फरार हुए हाईवा चालक की तलाश के लिए विशेष छापेमारी की जा रही है। जब्त किए गए वाहन के दस्तावेजों के आधार पर आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।

